May 19, 2026
2031658-aa-6974649-1

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करेगी, लेकिन इसके साथ किसी अन्य प्रस्ताव को जोड़कर लाया गया तो उसका समर्थन नहीं किया जाएगा। उन्होंने परिसीमन के मुद्दे पर भी कड़ा विरोध जताया।
उत्तर बंगाल दौरे से लौटने के बाद दमदम सेंट्रल जेल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के नाम पर अन्य राजनीतिक उद्देश्य पूरे करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण विधेयक को माध्यम बनाकर लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और परिसीमन लागू करने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में नगर निकायों और पंचायतों में पहले से ही 50 प्रतिशत आरक्षण लागू है। उन्होंने दावा किया कि राज्य से 37 प्रतिशत महिला सांसद निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का वे स्वागत करती हैं, लेकिन इसके साथ परिसीमन स्वीकार नहीं है।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए देश को बांटने की कोशिश हो रही है और कुछ राज्यों का प्रभाव कम कर दूसरे क्षेत्रों की सीटें बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ऐसे किसी प्रयास को नहीं मानेगी।
केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव होता है, लेकिन इसे भय और उत्पीड़न का माध्यम बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले मतदाता सूचियों से लोगों के नाम हटाए गए और केंद्रीय एजेंसियों के जरिए विरोधियों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मुकाबला चुनाव मैदान में होना चाहिए, न कि दबाव बनाकर। ममता बनर्जी ने संकेत दिया कि इस मामले में वह कानूनी कदम भी उठाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *