October 25, 2026
709a86aaaa56aeaac6fde2180a469592

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को उत्तर प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह वाराणसी में एक नए वस्त्र विनिर्माण केंद्र का उद्घाटन करने के साथ भारतीय वायुसेना के हवाई प्रदर्शन को देखेंगे। इसके बाद वह भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि मोदी सुबह करीब 11 बजे वाराणसी में अरविंद लिमिटेड के नए वस्त्र विनिर्माण केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह दोपहर करीब एक बजे नमो घाट पर आयोजित वायुसेना दिवस हवाई प्रदर्शन-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

वाराणसी में स्थापित नया विनिर्माण केंद्र देश के वस्त्र और परिधान उद्योग को मजबूत करने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा। इस केंद्र में आधुनिक विनिर्माण प्रक्रियाओं पर ध्यान दिया जाएगा और विशेष रूप से महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यहां निर्मित उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाया जाएगा। यह पहल महिला नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। वैश्विक ग्राहकों तक पहुंच रखने वाली इस परियोजना से वाराणसी को वस्त्र विनिर्माण के अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने में मदद मिलेगी।

वाराणसी में आयोजित हवाई प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की स्थापना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में होगा। ‘गंगा के ऊपर उड़ान’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में तेजस, हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड, सुखोई-30 एमकेआई और राफेल सहित विभिन्न विमान हिस्सा लेंगे। परिवहन विमानों के साथ भारतीय नौसेना और थल सेना के विमान भी इसमें भाग लेंगे, जो तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त परिचालन क्षमता को प्रदर्शित करेंगे।

इस अवसर पर वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन दल भी अपने करतब दिखाएंगे। कार्यक्रम में विमानों की सटीक उड़ान, आपसी तालमेल और परिचालन क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा।

वाराणसी के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री ओडिशा जाएंगे। वह शाम करीब 4.45 बजे भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे तथा इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

आरबीआई का नया डेटा सेंटर बैंक की कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने के साथ वित्तीय क्षेत्र के लिए सुरक्षित, भरोसेमंद और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप डिजिटल बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराएगा। इसमें चार अत्याधुनिक डेटा सेंटर स्थापित किए गए हैं, जहां भुगतान और निपटान प्रणालियों सहित महत्वपूर्ण सेवाओं का संचालन किया जाएगा।

इस सुविधा को अपटाइम इंस्टीट्यूट के टियर-4 मानक का प्रमाणन मिला है, जिसे डेटा सेंटर के बुनियादी ढांचे की उच्चतम परिचालन विश्वसनीयता के मानकों में गिना जाता है। इससे डिजिटल वित्तीय सेवाओं की पहुंच, दक्षता और विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

भुवनेश्वर में स्थापित साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्देश्य बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा क्षेत्र में साइबर सुरक्षा तथा प्रौद्योगिकी से जुड़ी क्षमताओं को मजबूत करना है। यहां प्रशिक्षण, अनुसंधान और कौशल विकास पर ध्यान दिया जाएगा। संस्थान में क्वांटम कंप्यूटिंग, कृत्रिम मेधा (एआई) और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *