बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव के पास एनएच- 28 पर हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद हड़कंप मच गया। चीख- पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक एक कार मोतिहारी की तरफ से आ रही थी। मारुति स्विफ्ट कार ने पहले एक बाइक को टक्कर मार दी। उसके बाद वो अनियंत्रित होकर कंटेनर से जाकर टकरा गई। कंटेनर सड़क किनारे खड़ा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। घटना में बाइक सवार घायल हो गया है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतकों में दो की पहचान मोतिहारी के हुर्राहा निवासी सोनू कुमार और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। दो अन्य की पहचान होनी बाकी है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार की वजह से ये घटना घटी है। इसमें किसी का दोष नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है।
