आईसीसी ने 2027 वनडे विश्व कप क्वालीफायर टूर्नामेंट की तारीखों का एलान कर दिया है। यह टूर्नामेंट अगले साल 22 फरवरी से 23 मार्च तक खेला जाएगा। हालांकि, प्रतियोगिता के आयोजन स्थल (वेन्यू) को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस क्वालीफायर में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, नए क्वालीफिकेशन फॉर्मेट के तहत क्वालीफायर टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को सीधे 2027 वनडे विश्व कप में जगह मिलेगी। वहीं दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी एक और मौका मिलेगा। इन तीनों टीमों के बीच विश्व कप के दौरान ही सुपर सीरीज खेली जाएगी, जिसके विजेता को टूर्नामेंट की अंतिम 12 टीमों में स्थान मिलेगा।
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से 2027 वनडे विश्व कप की मेजबानी करेंगे।
