September 24, 2026
bihar

केरला समाजम मॉडल स्कूल (केएसएमएस) में केयर एंड शेयर क्लब के सहयोग से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में बुधवार को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 8वीं और 9वीं के विद्यार्थियों सहित करीब 500 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्कूल कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन देशव्यापी ‘10 करोड़ नशा मुक्त प्रतिज्ञा मेगा अभियान’ के तहत किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा साथियों के दबाव में गलत निर्णय नहीं लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए सभी प्रकार के नशे से दूर रहने की शपथ ली। साथ ही अपने परिवार एवं मित्रों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम में स्कूल की प्राचार्या रीना बनर्जी, हेडमिस्ट्रेस सुजाता सिंह, वाइस प्रिंसिपल ए.एल. अब्राहम एवं रजिस्ट्रार वृंदा सुरेश की उपस्थिति रही। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया। विद्यालय परिवार ने ब्रह्माकुमारी संस्था की टीम के प्रति आभार जताते हुए विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत के निर्माण में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *