मजदूरों, शोषित एवं वंचित वर्ग के लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एटक और शहर के वरिष्ठ अधिवक्ताओं की संयुक्त बैठक बंगाल क्लब के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेन्द्र कुमार सिन्हा ने की। बैठक में सर्वसम्मति से एक लीगल सेल का गठन किया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में वीरेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि लीगल सेल का उद्देश्य शोषित एवं प्रताड़ित मजदूरों के साथ-साथ गांवों के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप कुमार महतो ने कहा कि यह पहल समाज के प्रति अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी निभाने और सामाजिक सरोकार को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अधिवक्ता गिरीश कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में मजदूरों को शोषण से बचाने तथा गरीब एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस सेल का गठन किया गया है।
एटक के कोल्हान प्रमंडल महासचिव अम्बुज कुमार ठाकुर ने कहा कि चार श्रम संहिताओं के लागू होने के बाद मजदूरों के समक्ष नई चुनौतियां उत्पन्न हुई हैं। ऐसे में मजदूरों को उचित कानूनी सहायता और न्याय दिलाने के लिए एटक हमेशा की तरह संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि कमजोर एवं गरीब तबके के लोगों को भी इस लीगल सेल के माध्यम से न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में अधिवक्ता शशि भूषण कुमार, सूरज कुमार सिंह, राजबीर भांगरा तथा एटक के उप महासचिव हीरा अरकने, धनंजय शुक्ला, एआईएसएफ के जिला अध्यक्ष राजू समद सहित कई अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक में लीगल सेल की नई कमेटी का भी गठन किया गया। इसमें संरक्षक के रूप में वीरेन्द्र कुमार सिन्हा, अम्बुज कुमार ठाकुर, हीरा अरकने एवं धनंजय शुक्ला, अध्यक्ष दिलीप कुमार महतो, उपाध्यक्ष शशि भूषण कुमार, सचिव गिरीश कुमार सिंह तथा संयुक्त सचिव सूरज कुमार सिंह को चुना गया।
