August 7, 2026
images (43)

बिहार में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिससे राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि कुछ स्थानों पर पूरे दिन बादल छाए रहने से मौसम सुहाना बना हुआ है। बुधवार देर रात पटना और आसपास के क्षेत्रों में हुई अच्छी बारिश के बाद मौसम विभाग ने राज्य के 34 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने किशनगंज, बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और नवादा में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, अररिया, खगड़िया, भागलपुर, कटिहार, मुंगेर, बांका और जमुई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अररिया, किशनगंज, कटिहार और बक्सर में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।

पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों तक बिहार में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 7 अगस्त को उत्तर बिहार, कोसी-सीमांचल और दक्षिण बिहार के कई जिलों में तेज बारिश के आसार हैं। 8 अगस्त को खगड़िया, भागलपुर और मुंगेर को छोड़कर लगभग पूरे राज्य में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 9 अगस्त को उत्तर और मध्य बिहार तथा 10 अगस्त को उत्तर-पश्चिम और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार के आसपास सक्रिय मॉनसूनी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त पूर्वी हवाओं के कारण लगातार बादल बन रहे हैं। यही वजह है कि राज्य में रुक-रुककर बारिश हो रही है और आने वाले दिनों में मॉनसून के और अधिक सक्रिय रहने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *