मुजफ्फरपुर में फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। ICICI बैंक लिमिटेड के साथ 1 करोड़ 74 लाख 81 हजार 387 रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले में ICICI बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक (वित्तीय अपराध निवारण) आनंद कुमार की लिखित शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि फर्जी कागजात तैयार कर बैंक की बंधक फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को अवैध तरीके से छुड़ाया गया।
जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही कृष्णा नगर स्थित MS स्किलजा ग्रोथ प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अवनीश कुमार शर्मा ने ICICI बैंक में 10 FD खाते खोले थे। इन्हीं FD के आधार पर M लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज लिमिटेड के पक्ष में पंचायती राज कार्यालयों के लिए कुल 1.74 करोड़ रुपये की 10 बैंक गारंटी जारी की गई थी।
आरोप है कि जालसाजी के तहत फर्जी डिस्चार्ज लेटर और नकली बैंक गारंटी क्लोजर लेटर तैयार कर बैंक में जमा किए गए, जिसके आधार पर बंधक FD को रिलीज करा लिया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब M लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज लिमिटेड की शिकायत के बाद बैंक ने आंतरिक जांच शुरू की। जांच में बैंक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह का कोई पत्र उनकी ओर से जारी नहीं किया गया था।
बैंक अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि अवनीश कुमार शर्मा, संजीव कुमार और डॉली कुमारी (निदेशक, MS स्किलजा ग्रोथ प्राइवेट लिमिटेड) ने आपस में साजिश कर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया और बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
मिठनपुरा थाने के अपर थानेदार राहुल कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। करोड़ों रुपये के इस बैंक फ्रॉड मामले के सामने आने के बाद बैंकिंग क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया है।
