मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने देर रात एक युवक और युवती को पकड़कर भगवान शिव के मंदिर में उनकी शादी करा दी। शादी के बाद युवक युवती को अपने घर ले जाने से मुकर गया। युवक की पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। वह कांटी एचपी पेट्रोल पंप के पास का रहने वाला बताया जा रहा है। युवती कांटी थाना क्षेत्र के कोठिया कुशवाहा टोला की रहने वाली है। बताया जाता है कि अभिषेक अक्सर चोरी-छिपे युवती से मिलने उसके घर जाता था। इसकी जानकारी ग्रामीणों को लगी, जिसके बाद उन्होंने देर रात युवक को पकड़ लिया और दोनों की मंदिर में शादी करा दी। शादी की रस्मों के दौरान वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
शादी के बाद युवक ने युवती को अपने घर ले जाने से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि वह गैस पहुंचाने के सिलसिले में इलाके में आया था। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे पकड़कर जबरन शादी करा दी। युवती पक्ष का दावा है कि दोनों के बीच करीब तीन महीने से मोबाइल फोन पर बातचीत हो रही थी। सूचना मिलने पर कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई कर रही है।
