सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में केंद्रीय वस्तु व सेवा कर व केंद्रीय उत्पाद शुल्क, जमशेदपुर के आयुक्त आनंद कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने जीएसटी पोर्टल पर पंजीकरण संशोधन के दौरान करदाताओं को हो रही अलग अलग तकनीकी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया तथा तत्काल समाधान का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल व कार्यकारिणी समिति के सदस्य पीयूष गोयल शामिल थे।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने आयुक्त को बताया कि पिछले एक सप्ताह से जीएसटी पोर्टल पर पंजीकरण में संशोधन के लिए आवेदन करने वाले अनेक करदाताओं को गंभीर तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी पोर्टल करदाताओं के लिए अनुपालन का प्रमुख माध्यम है। यदि पोर्टल में ही तकनीकी खामियां होंगी तो व्यापारी एवं उद्योग अपने आवश्यक वैधानिक कार्य समय पर पूरा नहीं कर पाएंगे। इसलिए इन समस्याओं का तत्काल समाधान आवश्यक है।
