टाटा स्टील यूआईएसएल ने सतत अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार को ‘प्रकृति स्नेह’ नामक सिटी कम्पोस्ट ब्रांड का शुभारंभ किया। जैविक नगरपालिका कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण से तैयार यह जैविक खाद शहर को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
बेलडीह क्लब के मुख्य सभागार में आयोजित कार्यक्रम में टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट डी. बी. सुंदर रामम मुख्य अतिथि तथा हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी की अध्यक्ष सुमिता नुपुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। इस अवसर पर टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल के वरिष्ठ अधिकारी, ग्रीन एम्बेसडर्स, पर्यावरण प्रेमी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
अपने संबोधन में डी. बी. सुंदर रामम ने कहा कि स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता तभी सार्थक होती है, जब उसे व्यवहारिक रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि ‘प्रकृति स्नेह’ जिम्मेदार संसाधन प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। वहीं सुमिता नुपुर ने नागरिकों, संस्थानों और बागवानी प्रेमियों से जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
प्रतिदिन 300 टन कचरे का हो रहा उत्पादन
टाटा स्टील यूआईएसएल के अनुसार जमशेदपुर में प्रतिदिन लगभग 300 टन ठोस अपशिष्ट उत्पन्न होता है, जिसमें बड़ी मात्रा में जैविक कचरा शामिल है। कंपनी इस जैविक अपशिष्ट को वैज्ञानिक कम्पोस्टिंग प्रक्रिया के माध्यम से पोषक तत्वों से भरपूर जैविक खाद में परिवर्तित कर रही है। इससे न केवल कचरे का बेहतर प्रबंधन हो रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
‘वेस्ट टू वेल्थ’ का उत्कृष्ट उदाहरण
कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि ‘प्रकृति स्नेह’ ‘वेस्ट टू वेल्थ’ और ‘सर्कुलर इकोनॉमी’ की अवधारणा का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के साथ-साथ लैंडफिल पर पड़ने वाले दबाव को भी कम करेगा। यह पहल सस्टेनेबिलिटी माह की थीम “Thinking is Good. Doing is Better” के अनुरूप है।
कार्यक्रम के दौरान कम्पोस्ट निर्माण प्रक्रिया और इसके उपयोग पर आधारित विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किए गए। साथ ही पिछले एक माह से ‘प्रकृति स्नेह’ का उपयोग कर रहे ग्रीन एम्बेसडर्स ने अपने अनुभव साझा किए। उनके सुझावों और सकारात्मक प्रतिक्रिया ने उत्पाद को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
10 रुपये प्रति किलो की विशेष शुरुआती कीमत
टाटा स्टील यूआईएसएल ने ‘प्रकृति स्नेह’ का अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) 20 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया है। हालांकि शुरुआती चरण में इसे विशेष रियायती दर 10 रुपये प्रति किलोग्राम पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
वर्तमान में यह उत्पाद नॉर्दर्न टाउन, रामदास भट्ठा, बारीडीह, कासीडीह और बर्मामाइंस स्थित डिपो में उपलब्ध है। कंपनी ने बताया कि जल्द ही इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी उपलब्ध कराया जाएगा।
