November 4, 2026
WhatsApp Image 2026-11-04 at 10.42.18 AM

श्रीनाथ विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट द की ओर से नए सत्र के छात्रों के स्वागत में फ्रेशर्स डे समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह का उद्देश्य नए छात्रों का विश्वविद्यालय परिवार में स्वागत करना तथा उन्हें एक सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. एस. एन. सिंह एवं कुलसचिव डॉ. याह्या मजूमदार की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया और छात्रों को प्रेरित किया । इस अवसर पर स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय महतो ने छात्रों को संबोधित करते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता एवं टीम भावना विकसित करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिस्टर एवं मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही, जिसमें विभिन्न चरणों के बाद श्री पृथ्वीराज प्रधान को मिस्टर फ्रेशर तथा सुश्री सुप्रिया उपाध्याय को मिस फ्रेशर के खिताब से सम्मानित किया गया। विजेताओं की घोषणा होते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम का समापन उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विश्वविद्यालय परिवार का हिस्सा बनने का यादगार अवसर प्रदान किया। फ्रेशर्स डे समारोह ने श्रीनाथ विश्वविद्यालय की जीवंत एवं समावेशी शैक्षणिक और सांस्कृतिक परंपरा को भी प्रदर्शित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *