कैनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड ने झारखंड में वित्तीय साक्षरता और म्यूचुअल फंड निवेश के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अपनी ‘निवेश बस यात्रा’ को बोकारो स्टील सिटी पहुंचाया है। कंपनी कैनरा रोबेको म्यूचुअल फंड की निवेश प्रबंधक है और भारत की दूसरी सबसे पुरानी म्यूचुअल फंड कंपनी है। इस अभियान की शुरुआत धनबाद से हुई थी। बोकारो के बाद यह बस रांची और जमशेदपुर पहुंचेगी। इस दौरान इंटरैक्टिव सत्रों और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से स्थानीय लोगों को निवेश की बुनियादी जानकारी दी जाएगी और निवेश से जुड़ी गलतफहमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
कैनरा रोबेको एएमसी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजनीश नरूला ने कहा कि जागरूक निवेशक एक मजबूत वित्तीय व्यवस्था के निर्माण में योगदान देते हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य निवेश संबंधी जानकारी को आम लोगों तक पहुंचाना और उन्हें दीर्घकालिक वित्तीय योजना के लिए प्रोत्साहित करना है। यह कार्यक्रम अब तक भारत के 20 राज्यों और क्षेत्रों में पहुंच चुका है। वहीं, कंपनी के मुख्य व्यवसाय अधिकारी गौरव गोयल ने कहा कि अभियान के जरिए समुदायों से सीधे जुड़कर व्यावहारिक निवेश मार्गदर्शन दिया जाएगा और लोगों को लंबी अवधि के निवेश के प्रति जागरूक किया जाएगा। बोकारो में यह पहल वेतनभोगी कर्मचारियों, औद्योगिक श्रमिकों और छोटे निवेशकों के बीच म्यूचुअल फंड के प्रति समझ विकसित करने में मदद कर सकती है। यह अभियान वित्तीय समावेशन और निवेशक शिक्षा को बढ़ावा देने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
