May 5, 2026
POLITICS

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के वरीय नेता चंपाई सोरेन ने सोमवार को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में आए परिणाम पर खुशी जताते हुए कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व व भाजपा की विकासवादी नीतियों पर जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।  सोमवार की शाम सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और देशवासियों को इस जीत के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह जनादेश विकास व सुशासन की राजनीति के पक्ष में है. जनता ने उन सरकारों को नकार दिया है जो तानाशाही व निष्क्रिय थी. जनता ने ऐसे नेतृत्व को चुना है जो विकास व जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

लोगों ने कुशासन को खारिज कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा, जो विकास व कल्याण पर आधारित है, अब न केवल देश में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी स्वीकार्यता हासिल कर रही है. उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों पर पूरे देश की नजर है, खासकर झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे पूर्वी राज्यों की. उन्होंने दावा किया कि इन पांच राज्यों में जो राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है, उसका असर क्षेत्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है. उन्होंने वाम दलों के लंबे शासन व उसके बाद तृणमूल कांग्रेस के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अवधियों में विकास की चर्चा कम रही. पश्चिम बंगाल में लंबे समय तक राजनीतिक वर्चस्व रहा, लेकिन विकास नहीं हुआ।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अब वहां की सरकार बुनियादी ढांचे, जनकल्याण व आर्थिक प्रगति पर अधिक ध्यान देगी. जब उनसे पूछा गया कि क्या इन परिणामों का असर झारखंड की राजनीति पर पड़ेगा, तो उन्होंने कहा कि ऐसे चुनावी नतीजे हर जगह संदेश देते हैं, जहां जनता के हितों की अनदेखी कर राजनीति की जाती है, वहां जनता जवाब देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *