June 29, 2026
SPORTS (2)

पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को एग्रीको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में जूनियर, सब जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। एक दिवसीय चयन प्रतियोगिता में जिले के 16 विद्यालयों एवं क्लबों से 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन ट्रायल के दौरान सचिव विक्टर विजय, कोषाध्यक्ष श्याम कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव दयाल सिंह मेहरा, सहायक सचिव अरबाज हुसैन, किरण पाट पिंगुवा, बलराम पात्र, ध्यान चंद्र मार्डी, आकांक्षा कुमारी, उपाध्यक्ष डब्ल्यू. रहमान, तकनीकी प्रमुख एस. चटर्जी, एम. अरशद एवं विकास कुमार सहित एसोसिएशन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के बाद जूनियर बालक, सब जूनियर बालक एवं बालिका तथा सीनियर बालक एवं बालिका वर्ग की जिला टीमों का चयन किया गया। जिला सचिव विक्टर विजय ने चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी एवं अनुशासन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जूनियर बालक टीम 2 जुलाई को खूंटी के लिए रवाना होगी, जहां 3 से 5 जुलाई तक आयोजित 20वीं राज्य स्तरीय खो-खो चैंपियनशिप में भाग लेगी। वहीं सब जूनियर बालक एवं बालिका टीम 9 जुलाई को रामगढ़ के लिए रवाना होगी और 10 से 12 जुलाई तक रजरप्पा में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

इसके अलावा सीनियर पुरुष टीम 24 से 26 जुलाई तक कोडरमा में आयोजित राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी, जबकि सीनियर महिला टीम 21 से 23 अगस्त तक बोकारो में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेगी। जिला सचिव ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों की अंतिम सूची शीघ्र जारी की जाएगी। चयन ट्रायल के सफल आयोजन पर कोषाध्यक्ष श्याम कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *