June 27, 2026
bihar

टाटा स्टील के बाद उसकी अनुषंगी इकाई टिस्को ग्रोथ शॉप के कर्मचारियों का लंबे समय से लंबित वेतन समझौता शुक्रवार को संपन्न हो गया। टाटा स्टील के बोर्ड रूम में कंपनी प्रबंधन और टिस्को मजदूर यूनियन के बीच सात वर्षीय वेतन समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2031 तक प्रभावी रहेगा।

समझौते के तहत ओल्ड सीरीज ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में अधिकतम 25,582 रुपये तथा न्यू सीरीज ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में अधिकतम 18,238 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि होगी। कंपनी में कुल 235 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 32 ओल्ड सीरीज और 203 न्यू सीरीज ग्रेड के कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों को बढ़े हुए वेतन का लाभ अगस्त माह के वेतन के साथ सितंबर में मिलेगा, जबकि 18 माह का एरियर नवंबर माह में भुगतान किया जाएगा।

समझौते में ग्रेड स्ट्रक्चर में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पहले की तरह 20 स्पैन की व्यवस्था बरकरार रहेगी। कर्मचारियों को प्रतिमाह 1,000 रुपये न्यू पेंशन सिस्टम (एनपीएस) के लिए तथा तीन प्रतिशत वार्षिक इंक्रीमेंट का लाभ भी मिलेगा।

दो चरणों में मिलेगा एमजीबी का लाभ

टाटा स्टील की तर्ज पर कर्मचारियों को मिनिमम गारंटीड बेनिफिट (एमजीबी) दो चरणों में दिया जाएगा। ओल्ड सीरीज ग्रेड के कर्मचारियों को बेसिक और डीए का पांच प्रतिशत लाभ 1 जनवरी 2025 से तथा शेष पांच प्रतिशत 1 अप्रैल 2025 से मिलेगा। ओल्ड सीरीज कर्मचारियों को औसतन 12,535 रुपये तथा न्यू सीरीज कर्मचारियों को औसतन 8,810 रुपये (अधिकतम 9,300 रुपये) एमजीबी का लाभ मिलेगा।

भत्तों में भी हुई बढ़ोतरी

समझौते के तहत विभिन्न भत्तों में भी वृद्धि की गई है। व्हीकल मेंटेनेंस एलाउंस 75 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये, यूटिलिटीज एलाउंस 550 से 800 रुपये, नाइट शिफ्ट एलाउंस 160 से 225 रुपये, एजुकेशन एलाउंस 600 से 1,000 रुपये तथा मोबाइल-इंटरनेट एलाउंस 300 से 400 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा कर्मचारियों को वरीयता भत्ता तथा नर्सिंग कर्मचारियों के लिए लॉन्ड्री भत्ते का भी प्रावधान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *