आदर्श सेवा संस्थान, जमशेदपुर एवं रूरल डेवलपमेंट एसोसिएशन (RDA) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को होटल कैनेलाइट, साकची में बाल सुरक्षा पर जिला स्तरीय “संवाद” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाकर बच्चों की सुरक्षा, अधिकार और विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर चर्चा करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आदर्श सेवा संस्थान की अध्यक्ष डॉ. निर्मला शुक्ला ने की। मुख्य अतिथि झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य विकास दोदराजका, विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) के मनोज कुमार, TdH Suisse के क्षेत्रीय समन्वयक-एशिया एवं राष्ट्रीय समन्वयक-इंडिया आशीष घोष, साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास प्रसाद और RDA के कार्यक्रम प्रबंधक सुजॉय भट्टाचार्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्हें पौधा और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
संस्थान की सचिव प्रभा जायसवाल ने स्वागत करते हुए कहा कि दोनों संस्थाएं लंबे समय से बाल संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। विकास दोदराजका ने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों के बावजूद बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता और क्रियान्वयन में अभी भी अंतर है। बाल मजदूरी, बाल विवाह और नशे जैसी समस्याएं बच्चों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। मनोज कुमार ने बच्चों के साथ कठोर व्यवहार के बजाय बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।
आशीष घोष ने कहा कि TdH बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और भागीदारी के अधिकारों के लिए काम करती है तथा बच्चों के दृष्टिकोण से समाधान तलाशने पर जोर देती है। साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास प्रसाद ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े साइबर खतरों के प्रति सावधान किया। उन्होंने कहा कि गेमिंग के दौरान बच्चे अनजाने में अपनी निजी जानकारी साझा कर देते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ दोस्ताना संबंध रखने, संदिग्ध लोगों को ब्लॉक करने तथा साइबर ठगी की स्थिति में 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
