बांका से भागलपुर जाना हो या बीच रास्ते में अमरपुर तक ही सफर करना हो, अब टोल टैक्स चुकाने के लिए तैयार रहिए। स्टेट हाईवे पर सफर के लिए भी अब जेब ढीली करनी होगी। खास बात यह है कि टोल प्लाजा से गुजरने के बाद सफर की दूरी चाहे जितनी हो, निर्धारित नियमों के अनुसार टोल का पूरा भुगतान करना होगा। यानी आप भागलपुर तक जाएं या अमरपुर में ही उतर जाएं, टोल की राशि से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। भागलपुर-बांका एसएच-25 पर समुखिया मोड़
के पास टोल प्लाजा बनाने की तैयारी तेज हो गई है। पथ निर्माण विभाग ने 44 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए वाहनों की श्रेणी के अनुसार टोल की दर निर्धारित कर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। विभाग की योजना के अनुसार समुखिया मोड़ के पास टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों से उनकी श्रेणी के अनुसार शुल्क लिया जाएगा। कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों के लिए प्रति किलोमीटर 1.25 रुपये की दर निर्धारित की गई है। वहीं, हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के मालवाहक वाहन और मिनी बस के लिए यह दर 2 रुपये प्रति किलोमीटर होगी। ओवरसाइज वाहनों से 8.10 रुपये प्रति किमी वसूली
इसी तरह बस और दो एक्सल वाले ट्रक को 4.25 रुपये, तीन एक्सल वाले वाणिज्यिक वाहनों को 4.60 रुपये तथा भारी निर्माण मशीनरी और मल्टी एक्सल वाहनों को 6.65 रुपये प्रति किलोमीटर देने होंगे। सात या उससे अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज वाहनों के लिए सर्वाधिक 8.10 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। इस मार्ग पर टोल वसूली शुरू होने के बाद भागलपुर, अमरपुर और बांका के बीच नियमित रूप से चलने वाले व्यावसायिक वाहनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा। माल ढुलाई करने वाले ट्रक, यात्री बस और अन्य वाणिज्यिक वाहनों के परिचालन खर्च पर भी इसका सीधा असर पड़ सकता है।
