डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल के जूनियर सेक्शन का शैक्षणिक सत्र (2025-26) का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह 29 जून 2026 को विद्यालय के सभागार ‘कलाकृति’ में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौसमी दास, प्राचार्या, एस.डी.एस.एम. स्कूल फॉर एक्सीलेंस तथा सी.बी.एस.ई. द्वारा नियुक्त सिटी कोऑर्डिनेटर (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावाँ) उपस्थित थीं। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना गीत के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय की प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा के नेतृत्व में भव्य शैक्षिक जुलूस निकाला गया।
समारोह के दौरान प्रधानाचार्या श्रीमती गुरप्रीत भामरा एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की संयुक्त सचिव श्रीमती उषा मालिनी ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों तथा आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला गया। इस वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों के उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं सर्वांगीण विकास को सम्मानित करना था। यह आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने तथा उन्हें भविष्य में नित नई ऊँचाइयाँ छूने के लिए प्रेरित करने का एक सार्थक मंच है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती मौसमी दास ने विद्यार्थियों को उनकी मेहनत, लगन एवं उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उपलब्धि निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में सदैव उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
प्रबंधन समिति के चेयरपर्सन (फाइनेंस) डॉ. बी. चंद्रशेखर ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने तथा अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं विद्यालय का नाम गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि, प्रबंधन समिति के सदस्यों, प्रधानाचार्या, उप-प्रधानाचार्या एवं समन्वयकों द्वारा विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य एवं संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
