श्रीनाथ यूनिवर्सिटी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत के सहयोग से बुधवार को विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में ‘विकसित भारत – युवा संवाद: नो योर वोट’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक भागीदारी, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में नागरिकों की जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था।
इस कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला के वर्तमान विधायक चंपाई सोरेन तथा जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सुखदेव महतो, कुलपति प्रो. (डॉ.) शिवानंद सिंह, कुलसचिव डॉ. याहया मजूमदार, डीन (प्रशासन) डॉ. जे. राजेश, जमशेदपुर के यूथ आइकॉन मानव घोष तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के जिला युवा अधिकारी श्री मोंटू पातर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इंटरैक्टिव सत्र के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने छात्रों से सीधे संवाद किया और मतदान के अधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने जागरूक मतदाता बनने, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आवश्यकता और महत्व पर अपने विचार साझा किए।
इस संवादात्मक कार्यक्रम में छात्रों को जनप्रतिनिधियों से सीधे सवाल पूछने और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता, चुनावी प्रक्रिया, लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से संबंधित सवाल पूछे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. शालिनी ओझा, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एनएसएस समन्वयक, श्रीनाथ यूनिवर्सिटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों एवं संबंधित छात्रों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में अहम योगदान दिया।
