आम आदमी पार्टी, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी की ओर से जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व में सोमवार को निर्मल गेस्ट हाउस, सीएच एरिया, जुबली पार्क के निकट E20 पेट्रोल से जुड़े जनहित के मुद्दों पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों और वाहन चालकों ने भाग लिया।
बैठक में E20 पेट्रोल के उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। नागरिकों और वाहन चालकों ने वाहनों के प्रदर्शन, माइलेज, रखरखाव तथा उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले संभावित आर्थिक प्रभावों को लेकर अपने अनुभव और चिंताएं साझा कीं। लोगों ने E20 पेट्रोल से संबंधित अपनी समस्याओं और सुझावों को भी सामने रखा। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रदेश नेताओं सहित अन्य अतिथियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके सुझावों को उचित मंच तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि E20 पेट्रोल से संबंधित किसी भी नीति में आम उपभोक्ताओं और वाहन मालिकों के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। सरकार को जनता की समस्याओं, वाहन चालकों के अनुभवों और विशेषज्ञों की राय को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी एवं जनहितकारी निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनसंवाद के दौरान प्राप्त सुझावों और समस्याओं को संबंधित मंच तक पहुंचाकर इस मुद्दे पर आगे भी जनहित में आवाज उठाई जाएगी।
