November 28, 2026
WhatsApp Image 2026-11-28 at 10.11.25 AM

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के विकास की उम्मीदों के बीच सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया समेत चैंबर के अन्य पदाधिकारियों ने शुक्रवार को धालभूमगढ़ स्थित द्वितीय विश्व युद्ध के समय वर्ष 1942 में बने पुराने हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चैंबर प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकार की पहल से एयरपोर्ट के विकास का रास्ता साफ होगा और वर्ष 2028 तक यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू हो सकेगी। इससे जमशेदपुर समेत कोल्हान के लोगों को हवाई यात्रा की सुविधा मिल पाएगी।
इस मौके पर चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण और विकास को लेकर जमशेदपुर एवं कोल्हान के लोगों की लंबे समय से चली आ रही उम्मीदों को अब नई गति मिली है। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान निर्मित इस पुराने हवाई अड्डे को विकसित किए जाने से न केवल जमशेदपुर और कोल्हान, बल्कि झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों को भी बेहतर हवाई संपर्क मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि धालभूमगढ़ की भौगोलिक स्थिति इस एयरपोर्ट को तीन राज्यों के लिए महत्वपूर्ण बनाती है। इसके आसपास लगभग 100 किलोमीटर के दायरे में कई प्रमुख औद्योगिक, व्यावसायिक और आबादी वाले क्षेत्र स्थित हैं। ऐसे में एयरपोर्ट शुरू होने से यात्रियों के साथ-साथ व्यापार और उद्योग जगत को भी काफी लाभ होगा।
मानव केडिया ने कहा कि जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से फिलहाल सीमित और अनियमित उड़ानों का संचालन होता है। ऐसे में कोल्हान के समग्र औद्योगिक एवं आर्थिक विकास के लिए नियमित और भरोसेमंद हवाई सेवा की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
उन्होंने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट की मांग को लेकर पूर्व में कई बार आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आवाज उठाई गई है। वन भूमि से संबंधित प्रक्रियाओं और आवश्यक स्वीकृतियों के कारण परियोजना लंबे समय तक अटकी रही। हालांकि, अब वन मंजूरी की दिशा में पहल होने से लोगों में नई उम्मीद जगी है।
निरीक्षण के दौरान चैंबर प्रतिनिधियों ने एयरपोर्ट परिसर में पहले से मौजूद ढांचे और रनवे की स्थिति का भी जायजा लिया। प्रतिनिधियों का मानना है कि यहां उपलब्ध पुराने बुनियादी ढांचे को विकसित कर एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, नियमित उड़ानों के संचालन के लिए आधुनिक सुविधाओं, सुरक्षा मानकों, वन एवं पर्यावरण संबंधी स्वीकृतियों तथा केंद्र सरकार की आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करना होगा।
चैंबर पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना जल्द धरातल पर उतरेगी। इससे कोल्हान क्षेत्र में निवेश, पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *