August 24, 2026
image (1)

बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने नकली ज्यूडिशियल स्टांप और टिकट की बिक्री करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 32 फर्जी टिकट और नौ ज्यूडिशियल स्टांप पेपर बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान गिरोह का एक सदस्य मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उन्होंने हाल ही में इस अवैध कारोबार की शुरुआत की थी और इसी दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
दरअसल, मुजफ्फरपुर अनुमंडल पूर्वी कार्यालय में पदस्थापित एक कर्मी और वादी रामनाथ कुमार ने फर्जी टिकट की बिक्री के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कुछ लोग फर्जी ज्यूडिशियल स्टांप और टिकट की बिक्री कर रहे हैं। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर क्षेत्र-1 सुरेश कुमार और एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, इस गोरखधंधे में चार लोग शामिल थे। इनमें से एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि तीन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 32 फर्जी टिकट और नौ ज्यूडिशियल स्टांप पेपर बरामद किए हैं। पूरे मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि ज्यूडिशियल स्टांप पेपर और वेलफेयर टिकट जैसे दिखने वाले फर्जी टिकटों की बिक्री की जा रही थी। इस संबंध में एसडीएम पूर्वी के कार्यालय में कार्यरत एक कर्मी, जो इस मामले में वादी भी हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र निवासी मुरारी कुमार, प्रभात चौधरी और सिकंदरपुर थाना क्षेत्र निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं, सत्यम कुमार मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *