April 17, 2026
bihar

टाटा पावर मजदूर यूनियन के के उपाध्यक्ष अंबुज ठाकुर ने कहा कि टाटा पावर में कार्यरत ताज टेक्नो कंपनी की ओर से मजदूरों का करीब 20 लाख रुपये का ओवरटाइम डबल भुगतान व अंतिम सेटलमेंट लंबित है। वहीं ईएसपी विभाग में कार्यरत करीब 100 ठेका मजदूरों का भी यह भुगतान नहीं होने से मजदूरों में रोष व्याप्त है. बैठक में मजदूर दिवस धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।

गुरुवार को टाटा पावर मजदूर यूनियन की बैठक साकची स्थित कार्यालय में उपाध्यक्ष अम्बुज कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम टाटा पावर के मजदूरों की अलग-अलग मांगों पर चर्चा की गई. उन्होंने जानकारी दी कि मजदूरों से संबंधित मांग पत्र दिनांक 15 दिसंबर, 2025 को उप श्रमायुक्त को सौंपा गया था, लेकिन आज तक टाटा पावर प्रबंधन व ठेका प्रबंधन की ओर से उस पर कोई भी मंतव्य प्रस्तुत नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि ठेका प्रतिष्ठान आर के इरेक्टर्स की ओर से पिछले तीन वर्षों से मजदूरों को ओवरटाइम का भुगतान निर्धारित दुगनी दर से नहीं किया गया है।

टाटा पावर के फायर विभाग के मजदूरों के साथ भी इसी प्रकार का अन्याय हो रहा है. मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान में भी आर. के इरेक्टर्स द्वारा मजदूरों से ओवरटाइम कार्य कराया जा रहा है, जिससे उनमें भारी असंतोष है. मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया, तो सीएचपी, ईएसपी व मेंटेनेंस विभाग के मजदूर हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी टाटा पावर प्रबंधन की होगी. मजदूरों की मांगों को लेकर ज्ञापन देने वाले पवन कुमार को अब तक कार्य पर पुन: नहीं रखा गया है, जिससे मजदूरों में रोष और बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *