August 17, 2026
image (1)

नालंदा के कतरीसराय थाना क्षेत्र के बादी मोड़ के समीप रविवार को देवघर से जलाभिषेक कर लौट रहे कांवरियों से भरी एक पिकअप वैन सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। इस हादसे में वाहन में सवार आठ कांवरिया घायल हो गए।
घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी स्थित विम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज कतरीसराय पीएचसी में चल रहा है। घायलों में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के खरुआ गांव निवासी मनोज कुमार पुत्र शिवनाथ, शैलेश कुमार पुत्र श्रीनाथ, रामबाबू पुत्र हरि प्रसाद, राहुल कुमार पुत्र दिनेश सिंह और सोमनाथ पुत्र मनन सिंह शामिल हैं। पुलिस अन्य घायलों के नाम की जानकारी जुटा रही है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पिकअप वैन में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। सभी देवघर में जलाभिषेक करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। बादी मोड़ के समीप चालक को नींद आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सभी घायलों को इलाज के लिए कतरीसराय पीएचसी भेजा। गंभीर रूप से घायल दो कांवरियों को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *