August 17, 2026
0c836mvo_lpg-cylinder-booking-rule_625x300_11_March_26

अगर आपने अभी तक अपने घरेलू LPG गैस कनेक्शन की बायोमेट्रिक e-KYC नहीं कराई है, तो इसे जल्द पूरा कर लेना बेहतर होगा। गैस कंपनियां और आपूर्ति विभाग लंबित उपभोक्ताओं का सत्यापन तेजी से पूरा कराने में जुटे हैं। स्थानीय स्तर पर उपभोक्ताओं को 23 अगस्त तक e-KYC कराने का समय दिया गया है।

निर्धारित समय तक e-KYC पूरी नहीं करने पर उपभोक्ताओं को LPG सब्सिडी से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा, गैस रिफिल की कीमत पर भी असर पड़ सकता है। गैस कंपनियों के मुताबिक, अंतिम तारीख के बाद सिस्टम में सत्यापन नहीं होने की स्थिति में घरेलू गैस कनेक्शन से जुड़ी कुछ सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

हालांकि, e-KYC नहीं कराने पर गैस कनेक्शन तुरंत रद्द नहीं किया जाएगा। कंपनियों का कहना है कि सत्यापन पूरा होने तक कुछ सुविधाओं में दिक्कत आ सकती है। ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए समय रहते प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।

केंद्र सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय ने फर्जी और डुप्लीकेट LPG कनेक्शनों की पहचान करने के लिए e-KYC प्रक्रिया को अनिवार्य किया है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सब्सिडी का लाभ सही और पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक, पूर्वी सिंहभूम और आसपास के इलाकों में अभी भी बड़ी संख्या में LPG उपभोक्ताओं का e-KYC सत्यापन बाकी है। इसके चलते गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ रही है। हालांकि, उपभोक्ता चाहें तो गैस एजेंसी जाने के बजाय अपने मोबाइल से भी e-KYC पूरी कर सकते हैं।

मोबाइल से e-KYC करने के लिए सबसे पहले Google Play Store से Aadhaar FaceRD ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद अपनी गैस कंपनी का आधिकारिक ऐप इंस्टॉल करें। इंडेन ग्राहक IndianOil ONE, भारत गैस ग्राहक Hello BPCL और HP गैस ग्राहक HP Pay ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।

रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद प्रोफाइल या सर्विस सेक्शन में जाकर Re-eKYC विकल्प चुनें। इसके बाद फेस स्कैन के जरिए अपनी पहचान सत्यापित करें और प्रक्रिया पूरी करें।

जो उपभोक्ता मोबाइल ऐप का इस्तेमाल नहीं कर सकते, वे नजदीकी गैस एजेंसी जाकर भी e-KYC करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, गैस पासबुक और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर साथ ले जाना होगा। इसके अलावा, सिलेंडर डिलीवरी के दौरान डिलीवरी बॉय की POS मशीन के जरिए फिंगरप्रिंट या फेस स्कैन से भी e-KYC कराई जा सकती है।

गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि आखिरी समय का इंतजार न करें और 23 अगस्त से पहले e-KYC की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि आगे गैस रिफिल और सब्सिडी से जुड़ी किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *