July 25, 2026
education

नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल (एनएचईएस) एवं यंग इंडियंस (वाईआई), जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ‘पंख 2026 – इग्नाइट योर एस्पिरेशन’ करियर फेस्ट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों से अवगत कराना तथा उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनाना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष नकुल कामानी थे। प्राचार्या परमिता रॉय चौधरी ने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों को आत्म-पहचान, सही निर्णय लेने और निरंतर सीखते रहने का महत्व बताया।

इस करियर फेस्ट में शहर के 26 विद्यालयों के 635 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को करियर से जुड़ी संभावनाओं, आवश्यक कौशल, चुनौतियों और अवसरों की जानकारी दी। वक्ताओं में निभा शर्मा (पब्लिक रिलेशंस एवं कम्युनिकेशन), श्रद्धा अग्रवाल (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), अदिति मुरारका (कंटेंट क्रिएशन एवं डिजिटल मीडिया), कोयेशा मुखर्जी (स्टार्टअप एंटरप्रेन्योरशिप), वरुण गजदार (हॉस्पिटैलिटी एवं होटल मैनेजमेंट), अपूर्वा (डिजाइन), मेजर अमित (भारतीय सेना), ऋषि (फाइनेंस एवं कॉरपोरेट लीडरशिप), भावुक गुप्ता (ह्यूमन रिसोर्सेज) तथा दीपक राहुल (पायलट) शामिल थे।

कार्यक्रम की विशेषता इंटरैक्टिव ब्रेकआउट सत्र रहे, जिनमें विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपने करियर संबंधी प्रश्न पूछे और व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त किया। आयोजन को सफल बनाने में वाईआई की चेयर श्रद्धा, को-चेयर भाविन तथा थलिर चेयर बिजल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने बताया कि ‘पंख 2026’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, नए करियर विकल्पों की खोज करने और अपने लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *