सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित मानसून ट्रेड फेयर 2026 का सोमवार को चैंबर भवन में भव्य उद्घाटन हुआ। मेले में महिला उद्यमियों ने फैशन, कपड़े, ज्वेलरी, खान-पान और सजावटी सामान समेत विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। मेले का उद्घाटन मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान, उपाध्यक्ष अर्चना दुबे, सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया एवं उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस मौके पर मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि महिलाएं व्यवसाय और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा और उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का बेहतर अवसर देते हैं। जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यवसाय के साथ उचित बाजार और मंच उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उपाध्यक्ष अर्चना दुबे ने कहा कि महिलाओं की रचनात्मकता और मेहनत को प्रोत्साहन मिलने से वे आर्थिक रूप से मजबूत होंगी। चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि स्थानीय व्यापार और उद्यमिता को बढ़ावा देना चैंबर की प्राथमिकता है। महिला उद्यमियों को मंच उपलब्ध कराने से उन्हें ब्रांडिंग, बिक्री, नए ग्राहकों से जुड़ने और कारोबार विस्तार का अवसर मिलता है। चैंबर उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि ट्रेड फेयर का उद्देश्य केवल बिक्री का मंच उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना भी है। मेले में लगाए गए स्टॉल महिलाओं की प्रतिभा, मेहनत और उद्यमशीलता को प्रदर्शित कर रहे हैं।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और महिला उद्यमियों से बातचीत कर उनके उत्पादों की जानकारी ली। दोपहर के सत्र में जमशेदपुर विमेंस क्लब की अध्यक्ष रीना वेद गिरी, विमेंस यूनिवर्सिटी की कॉमर्स डीन डॉ. दीपा शरण एवं तरू बेन गांधी ने भी मेले का भ्रमण कर उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन चैंबर महासचिव पुनीत कांवटिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिव भारत मकानी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल, सचिव अंशुल रिंगरसिया, सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, समन्वयक सुमन नागेलिया, निशा केडिया, रिंकू अग्रवाल, मनोज गोयल, अश्विनी अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
