लगन के मौसम में दूध और उससे बने उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ ही इनकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बाजार में बिक रहे कुछ ब्रांड के पैकेट बंद दूध को लेकर उपभोक्ता पाउडर जैसी महक आने और पहले की अपेक्षा कम मलाई जमने की शिकायत कर रहे हैं।
दूध उबालने पर मिल्क पाउडर जैसी महक आने से लोग इसकी गुणवत्ता को लेकर आशंकित हैं। हालांकि, दूध में मिल्क पाउडर के इस्तेमाल की शिकायतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, मुजफ्फरपुर डेरी के आंकड़ों के अनुसार, लगन के दौरान दूध की मांग बढ़ने से संग्रह में कमी आई है। सामान्य दिनों में मुजफ्फरपुर डेरी केंद्र को सात जिलों से करीब चार लाख लीटर दूध की आपूर्ति होती है। इसमें मुजफ्फरपुर, सिवान, सीतामढ़ी, बेतिया, मोतिहारी, शिवहर और गोपालगंज शामिल हैं।
