November 26, 2026
WhatsApp Image 2026-11-26 at 9.39.46 AM

अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) ने कार्यस्थलों पर महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा, उत्पीड़न और भेदभाव को समाप्त करने के लिए 16 दिवसीय अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर इंटक ने भारत सरकार, नियोक्ताओं और समाज से महिलाओं के लिए सभी कार्यस्थलों को सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभावमुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।
देश में लाखों महिला श्रमिक, जिनमें घरेलू कामगार, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, निर्माण श्रमिक, स्ट्रीट वेंडर, खेत मजदूर, बीड़ी श्रमिक, सफाईकर्मी और घर आधारित श्रमिक शामिल हैं, प्रतिदिन उत्पीड़न, दुर्व्यवहार, वेतन चोरी और असुरक्षा का सामना करती हैं। इनमें से बड़ी संख्या में महिलाओं के पास प्रभावी सुरक्षा और शिकायत निवारण की व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है। इंटक ने अपनी प्रमुख मांगों में कार्यस्थल पर हिंसा एवं उत्पीड़न रोकने संबंधी आईएलओ कन्वेंशन-190 को तत्काल लागू करने, पॉश अधिनियम 2013 का सभी कार्यस्थलों व अनौपचारिक क्षेत्रों में पूर्ण क्रियान्वयन तथा प्रत्येक प्रतिष्ठान में आंतरिक शिकायत समिति गठित करने की मांग की। संगठन ने सभी नियोक्ताओं से कार्यस्थलों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने और इसके प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी अपील की। इस अवसर पर बताया गया कि इंटक झारखंड की ओर से आईएलओ और जापान के सहयोग से सुरक्षित एवं लैंगिक अनुकूल कार्यस्थलों के निर्माण के उद्देश्य से जेंडर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में कार्यस्थल पर भेदभाव, हिंसा और उत्पीड़न की रोकथाम, अंतर्राष्ट्रीय श्रम मानकों, केयर वर्क तथा इससे संबंधित राष्ट्रीय विधायी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल उपस्थित रहे। इस दौरान इंटक के राष्ट्रीय सचिव एवं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, इंटक की महिला अध्यक्ष देविका सिंह, राष्ट्रीय सचिव एवं जेंडर कोऑर्डिनेटर शाहनाज रफीक, राष्ट्रीय सचिव शिखा चौधरी तथा मीरा तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इंटक ने अपील की कि किसी भी महिला को आजीविका कमाने के लिए हिंसा और उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़े। संगठन ने कहा कि सुरक्षित कार्यस्थल महिलाओं का अधिकार है, कोई एहसान नहीं। जब तक प्रत्येक कार्यस्थल हिंसा और उत्पीड़न से मुक्त नहीं हो जाता, तब तक ट्रेड यूनियन इसके खिलाफ संगठित होकर आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *