श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन एवं श्रीनाथ विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 19 और 20 अगस्त को दो दिवसीय ‘श्रीनाथ श्रावणी संगम-7’ का आयोजन धूमधाम से किया गया। सावन की संस्कृति और परंपराओं पर आधारित इस आयोजन में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।कार्यक्रम में अतिथि सह निर्णायक के रूप में मिसेज इंडिया एशिया पैसिफिक डॉ. रम्यता प्रफुल्ल, आदित्यपुर नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर डॉ. तनुश्री बोस, ‘निनाद’ की संस्थापक पूनम महानंद, डानफिट इंटरनेशनल की को-फाउंडर मिष्टू मुखर्जी और इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन की सहायक प्राध्यापक डॉ. सुमन कुमारी मौजूद रहीं। आकाश मूर्ति ने लाइव प्रस्तुति दी।
महोत्सव के दौरान ‘मेहंदी रंग लाई’, ‘रेशम की डोर’, ‘दुल्हन वही जो पिया मन भाए’, ‘नाचे मन मोरा’, ‘श्रावणी काव्यांजलि’, रैंप वॉक तथा ‘मिस्टर एंड मिस सावन’ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा, कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।डॉ. रम्यता प्रफुल्ल ने विद्यार्थियों के अनुशासन और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। डॉ. तनुश्री बोस ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के लिए काफी मेहनत की है और उन्हें इसी तरह आगे बढ़ते रहना चाहिए। पूनम महानंद ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर श्वेत कुमार भगत को मिस्टर सावन और पापिया दास को मिस सावन चुना गया। दो दिनों तक चले कार्यक्रम में विद्यार्थियों और सहायक प्राध्यापकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरा कैंपस संगीत, रंगों और पारंपरिक परिधानों से सजा नजर आया।आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने के साथ रचनात्मकता, टीमवर्क, संवाद कौशल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिला। समारोह का समापन विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान करने के साथ हुआ।
