April 16, 2026
namo

नरेन्द्र मोदी एक दिवसीय दौरे पर 18 जून को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आएंगे और मेहदीगंज में किसानों के साथ संवाद करेंगे। लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का यह वाराणसी का पहला दौरा होगा। प्रधानमंत्री इस दौरे में काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और शाम को गंगा आरती में शामिल होंगे।भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री के 18 जून को वाराणसी दौरे की पुष्टि की है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। उप जिलाधिकारी राजातालाब अमित कुमार, भाजपा के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल, विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह समेत कई प्रमुख पदाधिकारियों ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल मेहदीगंज का निरीक्षण किया। एक दिन पहले मंगलवार को मंडलायुक्त कौशलराज शर्मा और जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद गंगा आरती भी देखेंगे। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी विभिन्न स्वागत प्वांइट पर प्रधानमंत्री का स्वागत पुष्पवर्षा कर करेंगे। इसके लिए संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *