April 28, 2026
IMG_5978

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने जानकारी दी है कि राजस्थान के पचपदरा स्थित उसकी नवनिर्मित रिफाइनरी में लगी आग का मुख्य कारण प्रेशर गेज से हुआ रिसाव था। यह भीषण आग बीस अप्रैल को रिफाइनरी की मुख्य इकाई ‘क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट’ (सीडीयू) में उस समय लगी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसके उद्घाटन का प्रस्ताव था। शुरुआती जांच में पता चला है कि वैक्यूम रेजिड्यू एक्सचेंजर की इनलेट लाइन पर लगे प्रेशर गेज पॉइंट से हाइड्रोकार्बन का रिसाव हुआ, जिसके कारण हीट एक्सचेंजर सर्किट में आग फैल गई।

कंपनी के अनुसार, इस घटना में छह हीट एक्सचेंजर और उनसे जुड़े उपकरण प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह है कि आग हीट एक्सचेंजर स्टैक तक ही सीमित रही, जिससे बड़े नुकसान को टालने में मदद मिली। उनासी हजार चार सौ पचास करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस रिफाइनरी में मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, जिसे तीन से चार सप्ताह में पूरा कर लेने की उम्मीद है। एचपीसीएल ने शेयर बाजार को सूचित किया है कि रिफाइनरी का संचालन मई के दूसरे पखवाड़े तक फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *