सोनारी मरीन ड्राइव स्थित एक होटल में आयोजित शादी समारोह के दौरान परोसे गए कथित रूप से दूषित भोजन के सेवन से करीब 150 मेहमानों की तबीयत बिगड़ गई. उल्टी, दस्त व पेट दर्द की शिकायत के बाद कई लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा. घटना के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग व खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सोनारी के कागल नगर निवासी डा. कीया अदाक की पुत्री के विवाह समारोह के लिए मरीन ड्राइव स्थित बिंदल होटल को 30 मई से 1 जून तक बुक किया गया था. समारोह में चेन्नई से आयी बारात के अलावा मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली व कोलकाता समेत विभिन्न शहरों से लगभग 300 मेहमान शामिल हुए थे. बताया जाता है कि एक जून को विवाह व रिसेप्शन के दौरान भोज ग्रहण करने के कुछ समय बाद ही मेहमानों की तबीयत बिगडऩे लगी. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी, दस्त व पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिससे समारोह का माहौल चिंता में बदल गया।
बीमार पडऩे वालों में दूल्हे पक्ष के कई सदस्य भी शामिल हैं. विवाह समारोह के दिन पूरा परिवार गंभीर संकट में आ गया था. मेहमानों की देखभाल और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में परिवार के सदस्यों को जुटना पड़ा. विवाह की रस्में किसी तरह पूरी कराई गईं, लेकिन इसके बाद भी कई मेहमानों की तबीयत में सुधार नहीं हुआ. बुधवार को भी लोगों के बीमार होने की सूचना मिलने पर प्रशासन को मामले की जानकारी दी गई.
टीएमएच और निजी अस्पतालों में भर्ती
कई प्रभावित लोगों को टीएमएच व सोनारी स्थित ब्रह्मानंदम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. अस्पतालों में भर्ती मरीजों का इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में अधिकांश मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग और फूड सेफ्टी टीम जांच में जुटी
मामले की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने जांच के निर्देश दिए. जिला सर्विलांस विभाग के डॉ. असद और सुशील तिवारी ने पीडि़ परिवार से मुलाकात कर घटना से संबंधित जानकारी जतायी. स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने का कारण फूड प्वाइजनिंग, बासी खाद्य सामग्री या दूषित पेयजल होने की आशंका जतायी गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी होटल में परोसे गए खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
