टाटा स्टील फाउंडेशन को सीआईआई नेशनल अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन वाटर मैनेजमेंट 2026 में ‘बियॉन्ड द फेंस’ श्रेणी में विजेता घोषित किया गया है। यह पुरस्कार कलिंगनगर में एकीकृत जलग्रहण प्रबंधन एवं जलवायु परिवर्तन अनुकूलन परियोजना के लिए मिला है।
ओडिशा के जाजपुर जिले के 12 गांवों में संचालित इस परियोजना के तहत 207 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा मिली, 427 हेक्टेयर भूमि का उपचार किया गया और 143 हेक्टेयर बंजर भूमि को कृषि योग्य बनाया गया। इससे भूजल स्तर में करीब एक मीटर सुधार हुआ तथा 4,820 लोगों को लाभ मिला। परियोजना से परिवारों की औसत वार्षिक आय में 33.13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने इस उपलब्धि का श्रेय स्थानीय समुदायों और टीम के सामूहिक प्रयासों को देते हुए कहा कि संस्था जल सुरक्षा और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए आगे भी काम करती रहेगी।
