प्रसाद अस्पताल अग्निकांड मामले में गिरफ्तार किए गए डॉ. पंकज कुमार के संबंध में एक और बात सामने आई है। डॉ. पंकज कुमार वर्तमान में बंदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
डॉ. पंकज कुमार ने सितंबर 2020 में बंदरा पीएचसी में चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में योगदान दिया था। इसके बाद से वह लगातार यहां कार्यरत हैं। गुरुवार को उन्होंने पीएचसी में अपनी नियमित ड्यूटी भी की थी। शुक्रवार के लिए अर्जित अवकाश (ईएल) का आवेदन दिया था। इसे पीएचसी प्रभारी द्वारा अग्रेतर कार्रवाई के लिए सिविल सर्जन कार्यालय भेजा गया है।
इधर, ब्रह्मपुरा थाना पुलिस की ओर से उनकी गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में चर्चा का माहौल बन गया। उनकी गिरफ्तारी के बाद थाना से लेकर कोर्ट परिसर तक कई स्वास्थ्यकर्मी सक्रिय रहे।
मामले की जानकारी जुटाने में लगे रहे। गिरफ्तारी के बाद सदर अस्पताल के कर्मियों के बीच यह चर्चा होने लगी कि सरकारी सेवा में रहते हुए डॉ. पंकज कुमार निजी अस्पताल में किस हैसियत से कार्य कर रहे थे।
