June 6, 2026
image (7)

मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर पार्सल स्कैनिंग के लिए लगाए गए एक्स-रे स्कैनर में कई गंभीर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने के बाद रेलवे प्रशासन ने उसका संचालन तत्काल प्रभाव से निलंबित रखने को कहा है पूर्व मध्य रेलवे समस्तीपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय ने स्कैनर संचालित करने वाली एजेंसी कंपनी को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर करने का निर्देश दिया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दो जून को मुजफ्फरपुर स्टेशन पर स्थापित पार्सल स्कैनर का संयुक्त निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान संविदा की शर्तों एवं तकनीकी मानकों से जुड़े कई गंभीर विचलन सामने आए। निरीक्षण में पाया गया कि स्कैनर का एक्स-रे वोल्टेज निर्धारित 160 से 185 केवी के बजाय मात्र 155 केवी था। इसके अलावा एजेंसी आवश्यक एईआरबी (एटामिक एनर्जी रेगुलेटरी बोर्ड) का रेडिएशन सुरक्षा प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत नहीं कर सकी।

मशीन निर्धारित क्षमता के अनुसार 35 एमएम स्टील वस्तु को भेदने में विफल रही। हैरानी की बात यह रही कि ऐसी स्थिति में बजने वाला ऑडियो एवं वीडियो अलार्म भी कार्य नहीं कर रहा था।

सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण थ्रेट इमेज प्रोजेक्शन (टीआईपी) सिस्टम भी बंद पाया गया। टीआईपी से जुड़े ‘हिट’, ‘मिस’ एवं ‘फाल्स अलार्म’ जैसे फीडबैक फीचर तथा रंग आधारित चेतावनी प्रणाली भी मशीन में उपलब्ध नहीं थी। निरीक्षण रिपोर्ट में वीडियो डिस्प्ले का रिजाल्यूशन मानक से कम पाया गया। टीआईपी प्रणाली के लिए आवश्यक इमेज लाइब्रेरी भी मशीन में नहीं मिली। वहीं, स्कैनर संचालन के लिए तैनात कर्मियों के पास प्रशिक्षण प्रमाणपत्र नहीं था और वे पर्याप्त रूप से प्रशिक्षित भी नहीं पाए गए। पार्सल स्कैनर कार्यालय में अग्निशमन यंत्र तक उपलब्ध नहीं था। रेलवे प्रशासन ने इन सभी कमियों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और संरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए एजेंसी को सात दिनों के भीतर सुधारात्मक कार्रवाई कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

साथ ही स्पष्ट किया गया है कि सभी खामियों के दूर होने और रेलवे अधिकारियों द्वारा सत्यापन किए जाने तक मुजफ्फरपुर स्टेशन पर पार्सल स्कैनिंग की सेवा पूरी तरह निलंबित रहेगी।

इधर, यह पत्र मिलने के बाद कंपनी के तरफ से स्कैनर का संचालन कर रहे विकास कुमार ने सीनियर डीसीएम से स्कैनर के संचालन को बरकरार रखने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *