श्रीनाथ यूनिवर्सिटी में बीओपीटी-ईस्टर्न रीजन, भारत सरकार के सहयोग से इस वर्ष के दूसरे मेगा अप्रेंटिसशिप कम जॉब फेयर का आयोजन किया गया। मेले में 39 से अधिक कंपनियों और रिक्रूटर्स ने हिस्सा लिया तथा विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए एक हजार से अधिक नौकरी और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए गए। जॉब फेयर का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को सीधे उद्योग जगत से जोड़ना तथा उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था। प्रतिभागियों को विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत करने, रोजगार की संभावनाओं की जानकारी लेने और अपनी योग्यता के अनुरूप अवसर तलाशने का मौका मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। क्रॉस लिमिटेड के जनरल मैनेजर-एचआर एंड एडमिनिस्ट्रेशन रमाकांत गिरि मुख्य अतिथि तथा भारत सरकार के बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन के डिप्टी डायरेक्टर सी. राजा राव सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र में श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सुखदेव महतो ने उद्योग प्रतिनिधियों, रिक्रूटर्स और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है।
उन्हें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण और कौशल प्रदान करना भी जरूरी है। उन्होंने इंडस्ट्री ओरिएंटेड ट्रेनिंग को रोजगार के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्य अतिथि रमाकांत गिरि ने विद्यार्थियों को उद्योग जगत की अपेक्षाओं और रोजगार के लिए आवश्यक कौशल की जानकारी दी।
