नगर क्षेत्र के बुल्लाचक मोहल्ले में संचालित एक निजी लाइब्रेरी से जुड़ा संदिग्ध बैंक खाता प्रकरण अब पुलिस जांच के दायरे में आ गया है। बुधवार की शाम एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों एवं अन्य पीड़ितों ने मिशन थाने में पहुंचकर लाइब्रेरी संचालक पर धोखे से उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाने और उन खातों का साइबर ठगी में इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप लगाया। पुलिस ने पीड़ितों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपित की पहचान गंजपर निवासी रवि गुप्ता के रूप में हुई है। वह मूलरूप से पटना जिले के सकसोहरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव का रहने वाला है। कई वर्षों से अपने ननिहाल में रह रहा था। दो वर्षों से वह बुल्लाचक के समीप खरजामा में ज्ञानवृक्ष लाइब्रेरी का संचालन कर रहा था।
