राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन, आदित्यपुर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में हर वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अगस्त को देशभर के 1600 से अधिक स्थानों पर मौजूद आठ लाख से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों और युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों और MY Bharat स्वयंसेवकों के साथ संवाद सत्र आयोजित होगा। इसमें पिछले 12 वर्षों में देश में खेल अवसंरचना के विकास और भारत में तैयार हो रहे खेल इकोसिस्टम पर चर्चा की जाएगी।
करीब 15 मिनट के युवा संवाद में खेल इकोसिस्टम को मजबूत करने, वर्ष 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने, युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी तथा विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। युवाओं से उनके सुझाव QR कोड के माध्यम से भी लिए जाएंगे। साथ ही उन्हें Viksit Bharat Young Leaders Dialogue (VBYLD) Quiz Round में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, ‘खेलो इंडिया संवाद’ का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें खेल विकास, कौशल, स्वयंसेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है।
