जमशेदपुर स्पोर्टिंग एसोसिएशन (जेएसए) फुटबॉल लीग के प्रीमियर डिवीजन में मंगलवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में जमशेदपुर एफसी रिजर्व्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आंध्रा स्पोर्टिंग यूनियन को 7-2 से पराजित कर दिया। खास बात यह रही कि टीम ने पूरे दूसरे हाफ में 10 खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए भी गोलों की झड़ी लगा दी।
जमशेदपुर एफसी की ओर से हीरांगनबा सेराम ने दो (7वें व 73वें मिनट), कृष्णा टुडू (30वें), थिंगबाइजाम सचिन सिंह (75वें), लॉमसांगजुआला (87वें) और मार्स निन्थौजाम ने दो (90वें व इंजरी टाइम) गोल किए। आंध्रा स्पोर्टिंग यूनियन की ओर से राहुल मुर्मू (80वें) और सुनील माझी (81वें मिनट) ने गोल दागे। जमशेदपुर एफसी के बिग्नेश समाल को दो पीले कार्ड मिलने के बाद 45वें मिनट में मैदान से बाहर भेज दिया गया।
सुपर डिवीजन में शिशु डोम कम क्लब की जीत
गोपाल मैदान में खेले गए सुपर डिवीजन मुकाबले में शिशु डोम कम क्लब ने पंडित रघुनाथ मेमोरियल फाउंडेशन को 2-1 से हराया। टीम की जीत के नायक दुखू सोरेन रहे, जिन्होंने 34वें और 42वें मिनट में दो गोल किए। पीआरएमएफ के लिए विकास टुडू ने 51वें मिनट में एकमात्र गोल किया।
ए डिवीजन ग्रुप-ए : जमशेदपुर एफसी यूथ ने काटिन एफसी को हराया
सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए मुकाबले में जमशेदपुर एफसी यूथ ने काटिन फुटबॉल क्लब को 1-0 से मात दी। मैच का एकमात्र गोल देव दास ने 40वें मिनट में किया।
