June 17, 2026
image (5)

मेसकौर प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आवास सहायक को कथित रूप से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आवास सहायक की पहचान बिरू कुमार चौधरी के रूप में हुई है, वह वर्तमान में मिर्जापुर पंचायत एवं अंकरी पांडे बीघा पंचायत में आवास सहायक के पद पर कार्यरत हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित कार्य के एवज में लाभुक से रिश्वत मांगने की शिकायत निगरानी विभाग को मिली थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विभाग ने जाल बिछाकर कार्रवाई की योजना बनाई।

बताया जाता है कि निर्धारित योजना के तहत लाभुक ने आवास सहायक को 10 हजार रुपये दिए। जैसे ही बिरू कुमार चौधरी राशि लेकर प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रवेश किए, पहले से तैनात निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें मुख्य द्वार के सामने दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान निगरानी विभाग के अधिकारियों ने रिश्वत की राशि भी बरामद की। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही प्रखंड कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। पूरे क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बन गई। लोग निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देख रहे हैं। निगरानी विभाग की टीम गिरफ्तार आवास सहायक को अपने साथ लेकर आगे की पूछताछ एवं कानूनी प्रक्रिया के लिए रवाना हो गई। समाचार लिखे जाने तक विभाग की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आवश्यक है। वहीं, निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी कर्मियों के बीच भी हड़कंप मच गया है। मामले की जांच जारी है। आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *