दैनिक जीवन में सलाद से लेकर सब्जी पकाने तक प्याज का इस्तेमाल करने के बाद हम इसके छिलकों को कचरा समझकर फेंक देते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को जानकारी है कि ये छिलके पौधों के लिए एक लाजवाब ऑर्गेनिक खाद का काम करते हैं। इनमें पोटेशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम और आयरन जैसे कई पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं जो पौधों की मजबूती, बढ़वार और फूल-फल लगने की क्षमता को बढ़ाते हैं, और इनका इस्तेमाल कंपोस्ट, मल्चिंग व खाद के तौर पर किया जाता है। अगर आप रासायनिक खाद से बचते हुए अपने गार्डन के पौधों को बेहतर बनाना चाहते हैं, तो घर में इकट्ठा हुए प्याज के छिलकों को एक प्लास्टिक या कांच के कंटेनर में एक चौथाई स्तर तक भरें और उसमें इतना पानी डालें कि सारे छिलके डूब जाएं। अब इस बर्तन को ढक्कन से बंद करके 24 से 48 घंटे तक किसी छायादार स्थान पर रख दें ताकि पानी में सभी पोषक तत्व घुल जाएं, और दो दिन बाद जब पानी का रंग बदलकर हल्का लाल या भूरा हो जाए तो समझ लें कि आपका तरल जैविक उर्वरक तैयार है। इस तैयार घोल को छानकर अलग बर्तन में रखें तथा बचे हुए छिलकों में दोबारा पानी डालकर एक और बैच बनने के लिए रख दें, वहीं छने हुए घोल में बराबर मात्रा में सादा पानी मिलाकर पतला करने के बाद इसे फलदार, फूलों व सब्जियों के पौधों की जड़ों में डालें या स्प्रे बोतल के जरिए पत्तियों पर छिड़क दें।
