बिहार के सारण जिले में बुधवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. भगवान बाजार थाना क्षेत्र के न्यायबस्ती लोहा टोला इलाके में कलाकारों को ले जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में पिकअप सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि यह हादसा डॉक्टर पी.एन. सिंह डिग्री कॉलेज के पश्चिमी इलाके में हुआ. आर्केस्ट्रा टीम को लेकर जा रही थी पिकअप
घटना भगवान बाजार थाना क्षेत्र के न्यायबस्ती लोहा टोला स्थित डॉक्टर पी. एन. सिंह डिग्री कॉलेज के पश्चिम इलाके में हुई. बताया जा रहा है कि आर्केस्ट्रा में काम करने वाली टीम को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन अचानक ट्रक से टकरा गई. टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. तेज रफ्तार के कारण बिगड़ा वाहन का संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप तेज रफ्तार में थी और संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि वाहन पलटते ही उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला और 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना में 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के स्थानीय लोग तुरंत दौड़ पड़े और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया. घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया. वहीं, मृतकों के शवों को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रखा गया. सूचना मिलते ही भगवान बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सभी मृतक उत्तर प्रदेश के कानपुर और बलिया शहर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. घायलों में दिलीप कुमार का नाम सामने आया है, जिनका इलाज चल रहा है.
