जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम के अनुरोध पर मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (एमटीएमसी), जमशेदपुर के आउटरीच विभाग द्वारा मंगलवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), पोटका में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय की छात्राओं के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की गई। स्वास्थ्य शिविर के दौरान चिकित्सकीय दल ने 155 छात्राओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में शारीरिक स्वास्थ्य, पोषण स्तर, त्वचा रोग, सामान्य संक्रामक रोग, दंत स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता का मूल्यांकन किया गया।
इससे पूर्व 20 अप्रैल 2026 को आयोजित शिविर में 215 छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी थी। जांच के दौरान कई छात्राओं में एनीमिया (रक्ताल्पता) की पहचान हुई। चिकित्सकों ने उन्हें सामान्य हीमोग्लोबिन स्तर बनाए रखने के लिए आवश्यक परामर्श दिया तथा आयरन-फोलिक एसिड की दवाएं वितरित कीं। वहीं कुछ छात्राओं में स्केबीज़ (खुजली रोग) के लक्षण पाए गए, जिनके उपचार के लिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईंविद्यालय की मुख्य वार्डन के अनुरोध पर नवप्रवेशित 75 छात्राओं का ब्लड ग्रुप परीक्षण भी किया गया और उसका अभिलेखीकरण किया गया।
चिकित्सकीय दल ने बताया कि आवासीय विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है, क्योंकि सामूहिक आवासीय व्यवस्था के कारण पोषण संबंधी कमियों एवं संक्रामक रोगों का खतरा अधिक रहता है। समय पर जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता से छात्राओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार संभव है।
