May 21, 2026
image

पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र स्थित खाटू श्याम गली में बुधवार को एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। घटना में दो महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां एक व्यक्ति की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार की सुबह घर के अंदर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घर में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। संकरी गली होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कत आई, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस और पटना सिटी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. गौरव कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। परिवार के एक सदस्य ने आरोप लगाया है कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई है। इस गंभीर आरोप को देखते हुए मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया जा रहा है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *