गले में खराश या दर्द का बार-बार लौटकर आना इस बात का संकेत है कि इसके पीछे सिर्फ मौसम ही नहीं बल्कि कई अन्य कारक भी जिम्मेदार हो सकते हैं। जानकारों का कहना है कि यूं तो सर्दियों में गले में खराश होना सामान्य बात है, लेकिन अगर यह तकलीफ बार-बार सताए तो इसे हल्के में न लें क्योंकि इसके पीछे वायरस, एलर्जी, प्रदूषण, धूम्रपान, एसिड रिफ्लक्स या बैक्टीरियल संक्रमण जैसी वजहें हो सकती हैं। इसके अलावा अधिक बातचीत करना, शरीर में पानी की कमी और सोते समय मुंह से सांस लेने की आदत भी बार-बार गले की खराबी का कारण बन सकती है, इसलिए इन कारणों को पहचानकर इलाज करना आवश्यक है। अगर आपका गला बार-बार खराब होता है, तो हर बार दवा का सेवन करने के बजाय घर पर ही कुछ घरेलू उपायों को अपनाना फायदेमंद साबित हो सकता है। डॉक्टर बताते हैं कि गले की जलन और खराश को कम करने के लिए गुनगुने पानी में आधा चम्मच नमक मिलाकर गरारे करना चाहिए और दिन में कई बार ऐसा करने से आराम मिलता है, लेकिन इस बात का खास ख्याल रखें कि इस पानी को निगला न जाए। गले में खराश होने पर गर्म ड्रिंक पीना भी बहुत गुणकारी होता है, जिसमें आप गर्म पानी, सूप या बिना कैफीन वाली चाय ले सकते हैं, जिससे गले को सुकून मिलता है और नमी बनी रहती है। इसके अलावा 1 से 2 चम्मच शहद का सेवन भी गले की खराश और खांसी में काफी राहत पहुंचाता है, हालांकि एक साल से कम उम्र के बच्चों को शहद देने से पूरी तरह बचना चाहिए क्योंकि यह उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है। शरीर में पानी की कमी भी गले की खराबी का एक बड़ा कारण हो सकती है, इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं क्योंकि यह गला सूखने से रोकता है और आपकी परेशानी को काफी हद तक कम कर देता है।
