टाटा कमिंस में प्रबंधन और यूनियन के बीच 11 अगस्त 2026 को ग्रेट रिवीजन समझौता हुआ । समझौता 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी माना गया है। इसके तहत कर्मचारियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ मिलाकर कुल 20,100 रुपये प्रतिमाह का लाभ मिलेगा। यह लाभ चार वर्षों में क्रमशः 77.5 प्रतिशत, 12.5 प्रतिशत, 5 प्रतिशत और 5 प्रतिशत के अनुपात में दिया जाएगा। समझौते में कर्मचारियों के लिए विभिन्न ऋण एवं अग्रिम की राशि में भी संशोधन किया गया है। हाउसिंग बिल्डिंग लोन और एजुकेशन लोन की सीमा बढ़ाकर 5.50 लाख रुपये, एमेनिटीज लोन 50 हजार रुपये, वाहन ऋण 1 लाख रुपये, जबकि फेस्टिवल और इमरजेंसी एडवांस 10-10 हजार रुपये किया गया है। गेन शेयरिंग में भी बदलाव समझौते के तहत गेन शेयरिंग की गणना में पात्र अवकाश के दिनों को कार्य दिवस माना जाएगा। ऐसे पात्र अवकाश के कारण गेन शेयरिंग लाभ में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी। मेडिकल सुविधाएं जारी रहेंगी कर्मचारियों और पात्र लाभार्थियों को वर्तमान चिकित्सा सुविधाएं जारी रखने पर सहमति बनी है। टीएमएच और टिनप्लेट अस्पताल में उपलब्ध दंत चिकित्सा सुविधाएं भी संक्रमण अवधि में जारी रहेंगी। साथ ही प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों वाली संयुक्त मेडिकल फैसिलिटी कमेटी एक वर्ष के भीतर व्यापक चिकित्सा सुविधा ढांचे को लेकर अपनी सिफारिश देगी।
कैंटीन सुविधा में ऑप्ट-आउट का विकल्प नए समझौते में कैंटीन सुविधा को लेकर महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। कैंटीन सुविधा नहीं लेने वाले पात्र कर्मचारियों को 2,500 रुपये प्रतिमाह कैंटीन भत्ता तथा लागू कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी। विकल्प कम से कम एक वित्तीय वर्ष के लिए रहेगा। इसके साथ कैंटीन सुविधा लेने के लिए पंचिंग/अटेंडेंस सिस्टम भी लागू किया जाएगा। एजीपी में प्रदर्शन आधारित लाभ बढ़ा एसोसिएट ग्रोथ प्लान (AGP) में भी बदलाव किया गया है। 1 जनवरी से लागू होने वाले वार्षिक इंक्रीमेंट की दर को पे फॉर परफॉर्मेंस (P4P) में जोड़ा जाएगा। वहीं ‘एक्सीड्स एक्सपेक्टेशंस’ और ‘फार एक्सीड्स एक्सपेक्टेशंस’ श्रेणी के कर्मचारियों को मिलने वाला प्रदर्शन आधारित अंतर भी जनवरी में एकमुश्त भुगतान के रूप में दिया जाएगा। प्रदर्शन वितरण का अनुपात 5 प्रतिशत बिलो एक्सपेक्टेशंस, 70 प्रतिशत मीट्स एक्सपेक्टेशंस, 15 प्रतिशत एक्सीड्स और 10 प्रतिशत फार एक्सीड्स एक्सपेक्टेशंस किया गया है। हर तीन वर्ष में मिलेगा विंटर जैकेट समझौते के तहत पात्र कर्मचारियों को प्रत्येक तीन वर्ष में एक बार विंटर जैकेट उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं कंपनी के रोल पर मौजूद सभी स्थायी कर्मचारियों को 5,000 रुपये का गिफ्ट वाउचर भी दिया जाएगा।
एलटीए में 200 रुपये की बढ़ोतरी एलटीए राशि में 200 रुपये की वृद्धि की गई है। संशोधित राशि को वेतन गणना के उद्देश्य से भी माना जाएगा। वार्षिक इंक्रीमेंट पहले की तरह प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल से प्रभावी रहेगा। मौजूदा बोनस मैट्रिक्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है। समझौते में वर्कफोर्स स्ट्रैटेजी प्रोजेक्ट को समझौते पर हस्ताक्षर की तारीख से एक वर्ष के भीतर पूरा करने का प्रावधान भी किया गया है। इसके अलावा ग्रुप इंश्योरेंस स्कीम (GIS) की संयुक्त समीक्षा में यूनियन की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। समझौते पर कंपनी की ओर से प्लांट मैनेजर अजितेश मोंगा और एचआर एंड आईआर लीडर दीपक चौलिया, जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष राजेश सिंह और महासचिव अविनाश अनुपम ने हस्ताक्षर किए।
