स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट कूपे से शराब तस्करी के आरोप में नेहा झा की गिरफ्तारी के बाद भी महिला तस्कर बाज नहीं आ रही हैं।
समस्तीपुर जंक्शन पर महिला शराब तस्करों की सक्रियता का एक और मामला सामने आया है। शनिवार को रेल पुलिस ने समस्तीपुर स्टेशन परिसर से दो महिलाओं को भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के सर्कुलेटिंग एरिया में गेट संख्या-1 के पास नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इस दौरान संदिग्ध स्थिति में दिखीं दो महिलाओं को रोककर तलाशी ली गई। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नगर थाना क्षेत्र के गणेश चौक मगरदही घाट (वार्ड संख्या-24) निवासी चुनी देवी (50) और गीता देवी (58) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों महिला तस्करों के पास से कुल 20.58 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब की इस खेप को वे ठिकाने लगाने की फिराक में थीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर रेल थाने में बिहार उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
