September 10, 2026
image (1)

मुजफ्फरपुर पुलिस में लापरवाही बरतने वाले दो थानेदारों पर कार्रवाई हुई है। पारू और औराई थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ जांच में ड्यूटी में लापरवाही और गलत तरीके से मामले को संभालने की बात सामने आई थी। इसके बाद वरीय अधिकारियों ने कार्रवाई की। पारू थानेदार पर 15 दिन में दो आरोपियों के भागने का आरोप

पारू थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार शुक्ला के खिलाफ एसडीपीओ सरैया और अंचल पुलिस निरीक्षक पारू ने रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में कहा गया कि पूछताछ के लिए थाने लाए गए एक व्यक्ति को थानाध्यक्ष ने बीच-बचाव के बाद वरीय अधिकारियों को जानकारी दिए बिना छोड़ दिया।
इसके अलावा चोरी की संपत्ति, आर्म्स एक्ट और शराबबंदी कानून से जुड़े मामलों में पकड़े गए आरोपियों को ठीक से निगरानी में नहीं रखने का भी आरोप है। इसी लापरवाही के चलते 15 दिनों के अंदर दो आरोपी पुलिस की पकड़ से भाग गए।
रिपोर्ट में थानेदार पर ड्यूटी के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी जैसे आरोप लगाए गए। इसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। औराई थानाध्यक्ष सुनील कुमार के खिलाफ एसडीपीओ पूर्वी-1 ने रिपोर्ट भेजी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि एक लूट की घटना को गंभीरता से दर्ज करने के बजाय उसे गृह अतिचार/गृहभेदन यानी घर में घुसने से जुड़ा मामला बनाकर दर्ज किया गया। इससे मामले की गंभीरता कम हो गई और वरीय अधिकारियों को भी सही जानकारी नहीं मिल पाई।
इसके अलावा केस की जांच में जरूरी काम भी ठीक से नहीं करने का आरोप लगा है। घटनास्थल का विवरण ई-साक्ष्य ऐप पर दर्ज करने, तलाशी और जब्ती की कार्रवाई तथा गवाहों के बयान लेने में लापरवाही की बात रिपोर्ट में कही गई है। औराई थानेदार पर थाने में लंबित कांडों की समय पर और लक्ष्य के मुताबिक समीक्षा नहीं करने का भी आरोप है। वरीय अधिकारियों के आदेश की अनदेखी और काम में लापरवाही को देखते हुए सुनील कुमार को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद साफ है कि थानों में केस दर्ज करने से लेकर आरोपियों की निगरानी और जांच की प्रक्रिया में लापरवाही को लेकर वरीय अधिकारी अब सख्त रुख अपना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *